जबलपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर आरटीओ विभाग ने शहर में सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में आरटीओ रिंकू शर्मा के नेतृत्व में सत्यप्रकाश पब्लिक स्कूल की बसों की सघन चेकिंग की गई, जिसमें बड़ी अनियमितताएं सामने आई हैं। कार्यवाही के दौरान आरटीओ टीम ने स्कूल की कुल 22 बसों की जांच की। जांच में 6 वाहनों के पास आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाए गए, जिसके चलते मौके पर ही 18,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। नियमों का उल्लंघन करने वाली 9 बसों को आरटीओ ने जब्त कर लिया है। इन बसों को फिलहाल स्कूल प्रबंधन के सुपुर्दनामे पर दिया गया है। आरटीओ रिंकू शर्मा ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जारी रहेगी कार्यवाही:शर्मा
आरटीओ रिंकू शर्मा ने बताया कि यह अभियान केवल एक स्कूल तक सीमित नहीं रहेगा। आने वाले दिनों में शहर के अन्य निजी स्कूलों की बसों की भी इसी तरह आकस्मिक चेकिंग की जाएगी। उन्होंने स्कूल संचालकों को सख्त हिदायत दी है कि वे बसों के फिटनेस, बीमा और परमिट जैसे सभी जरूरी दस्तावेज दुरुस्त रखें।
