सागर। सागर के बहेरिया क्षेत्र स्थित गुड़ा गांव के पास एक क्रेशर खदान में नहाते समय 3 युवक डूब गए। गहरे पानी में डूब रहे एक दोस्त को बचाने के प्रयास में दो अन्य दोस्तों की भी जान चली गई।
बताया गया है कि एसडीईआरएफ ने करीब 18 घंटे तक चले सर्चिंग ऑपरेशन के बाद आज दोपहर तेजराम पटेल और तनिश कोरी के शवों को बाहर निकाला। इससे पहले देर रात एक युवक अभिषेक का शव मिल गया था। पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस के अनुसार बीती दोपहर कैंट क्षेत्र के बंगला नंबर-9 निवासी 7 दोस्त तेजराम पटेल उम्र 20 वर्ष, अभिषेक उर्फ अध्धा 20 वर्ष, तनिश कोरी 19 वर्ष, आयुष, मोहित, रोहित और शिवा वाल्मिकी गुड़ा के पास क्रेशर खदान में नहाने पहुंचे थे। घर वालों को इसकी जानकारी नहीं थी। तेजराम पहले भी यहां आ चुका था और वही सबको लेकर पहुंचा था। नहाते समय गांव का एक व्यक्ति वहां से गुजरा था। उसने युवकों को गहरे पानी में जाने से रोका था, लेकिन युवकों ने उसकी बात अनसुनी कर दी और हादसे का शिकार हो गए। रात करीब 11 बजे तक चले सर्चिंग अभियान में अभिषेक का शव बरामद कर लिया गया। लापता तेजराम और तनिश का रात में पता नहीं चल सका, जिसके बाद टीम लौट आई थी और शनिवार सुबह से दोबारा सर्चिंग शुरू की गई। आज दोपहर दोनों के शव भी मिल गए।
जींस फेंककर बचाई आयुष की जान-
हादसे में बाल-बाल बचे आयुष ने बताया, किनारे खड़े दोस्त रोहित और मोहित आए और उन्होंने जींस फेंका। जींस देखा और पकड़ लिया। उन्होंने खींचकर मुझे बचा लिया। लेकिन हम लोग तनिश, तेजराम और अभिषेक को नहीं बचा पाए। वह मंजर बार-बार मेरी आंखों के सामने आ रहा है। वहीं मौके पर मौजूद दोस्त शिवा वाल्मिकी ने बताया, हम सभी दोस्त यहां नहाने के लिए आए थे। सभी ने नहाया। तनिश भाई अंदर था, थोड़ी ही देर बाद वह गहराई में डूबने लगा। उसको बचाने के लिए अभिषेक भाई पहुंचे। उनके पीछे तेजराम भी गया तो उसको पकड़ लिया। आयुष भी उसको बचाने गया तो हमने उसे पकड़ लिया। पैंट की मदद से बाहर निकाला। बाकी हम सब लोगों को बुलाने गए तो वो तीनों पानी में ही चले गए।
सीएम ने की 4 लाख रुपए की घोषणा-
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घटनाक्रम को लेकर संवेदनाएं व्यक्त कीं और पीडि़त परिवारों को 4-4 लाख रुपए की सहायता राशि जल्द दिलाने की घोषणा की।