khabar abhi tak

शेयर मार्केट को क्रूड ऑयल में नरमी ने दी उड़ान, सेंसेक्स-निफ्टी में 787 अंकों की छलांग

मुंबई. शेयर बाजार सोमवार को शुरुआती गिरावट से उबरते हुए लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में बढ़त में रहे. बीएसई सेंसेक्स 787 अंक चढ़ा, जबकि एनएसई निफ्टी 23,000 अंक के करीब पहुंच गया. पश्चिम एशिया में युद्धविराम के प्रयासों की रिपोर्ट के बीच कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से बाजार बढ़त में रहा. 

कारोबारियों के अनुसार, बैंक और आईटी शेयरों में अच्छी लिवाली और रुपये में मजबूती से भी निवेशकों की धारणा को समर्थन मिला. खास बात तो ये है कि शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी देखने को मिली है. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर शेयर बाजार बंद होने के बाद किस तरह के आंकड़े देखने को मिल रहे हैं.

 लगातार तीसरे दिन तेजी

उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 787.30 अंक यानी 1.07 प्रतिशत बढ़कर 74,106.85 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान एक समय यह 887.91 अंक चढ़कर 74,207.46 अंक पर पहुंच गया था. बीएसई में सूचीबद्ध शेयरों में से 3,207 लाभ में रहे, जबकि 1,147 में गिरावट दर्ज की गयी. वहीं 190 के भाव अपरिवर्तित रहें. पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 255.15 अंक यानी 1.12 प्रतिशत बढ़कर 22,968.25 अंक पर बंद हुआ. रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (रिसर्च) अजित मिश्रा ने कहा कि पश्चिम एशिया में संभावित युद्धविराम की खबरों के कारण कच्चे तेल की कीमतों में सुधार के साथ वैश्विक जोखिम धारणा में भी सुधार हुआ.

इन शेयरों में आई तेजी

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से ट्रेंट में सबसे अधिक 7.89 प्रतिशत की तेजी रही. इसके अलावा एक्सिस बैंक, टाइटन, लार्सन एंड टुब्रो, अल्ट्राटेक सीमेंट और बजाज फाइनेंस भी प्रमुख रूप से लाभ में रहीं. दूसरी ओर, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचसीएल टेक और सन फार्मा के शेयर नुकसान में रहे.

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak