नरसिंहपुर. पमरे के जबलपुर रेल मंडल के नरसिंहपुर स्टेशन पर गुरुवार को प्लेटफार्म नंबर 1 पर हादसा हो गया. यहां एक यात्री चलती ट्रेन के साथ करीब 60 से 70 मीटर तक घिसटता चला गया। नासिक निवासी 37 वर्षीय संजीव तिवारी ट्रेन से पानी भरने के लिए उतरे थे, तभी यह घटना हुई। हाथ छूटने पर वह प्लेटफार्म पर गिर गए।
संजीव तिवारी अपनी मां और रिश्तेदारों के साथ गोरखपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस से गोरखपुर जा रहे थे। नरसिंहपुर स्टेशन पर ट्रेन रुकने पर वे बी-6 कोच से पानी भरने के लिए नीचे उतरे। इसी दौरान ट्रेन ने रफ्तार पकड़ ली। ट्रेन छूटती देख उन्होंने दौड़कर कोच का हैंडल पकड़ लिया, लेकिन तेज गति के कारण वे चढ़ नहीं पाए और प्लेटफार्म पर घिसटते चले गए।
घटना के समय प्लेटफार्म और ट्रेन में मौजूद कई लोग इस मंजर को देखते रहे। हालांकि, किसी ने भी आपातकालीन चेन खींचकर ट्रेन रोकने की कोशिश नहीं की। घायल संजीव ने बताया कि उनकी आंखों के सामने कई लोग थे, फिर भी किसी ने मदद के लिए हाथ नहीं बढ़ाया।
हादसे के तुरंत बाद आरपीएफ आरक्षक हीरालाल लोधी ने तत्परता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस से घायल संजीव को जिला अस्पताल पहुंचाया। उन्हें शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आई हैं। उनका मोबाइल ट्रेन में छूट गया था और संपर्क नंबर याद न होने के कारण परिजनों से संपर्क में दिक्कत आई। हालांकि, स्टेशन प्रबंधन और जीआरपी की मदद से उनके परिवार से संपर्क स्थापित कर लिया गया।
