बताया गया है कि आज सुबह 8 बजे के लगभग एक ही परिवार के पांच बच्चे आंगनबाड़ी पहुंचे। जहां पर बच्चों ने खेल-खेल में केंद्र में चूहों को मारने के लिए रखी गई दवा खा ली। इसके बाद उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। आंगनवाड़ी सहायिका ने तुरंत परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजन अपने निजी ऑटो से बच्चों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोहगांव ले गए, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही घुघरी एसडीएम सचिन जैन, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बच्चों का हालचाल जाना। बीमार बच्चों की पहचान सचिन उम्र 3 वर्ष, समर 9 वर्ष, शिवन्या 3 वर्ष, कृतिका 5 वर्ष व दीप्ती डेढ़ वर्ष के रूप में हुई है। ये सभी बच्चे एक ही परिवार के दो भइयों के हैं। जिला अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि सभी बच्चों की हालत स्थिर है। हालांकि एहतियात के तौर पर उन्हें 24 घंटे निगरानी में रखा गया है। ताकि किसी भी स्थिति के लिए तैयार रहें।