गिरिडीह. झारखंड के गिरिडीह जनपद के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बजटो गांव में शनिवार शाम गोलगप्पे खाने से तीन दर्जन यानी 36 से अधिक लोग बीमार हो गए. इनमें सबसे अधिक संख्या बच्चों की है. सभी को तेज बुखार, पेट दर्द, उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी. आनन-फानन में बीमार लोगों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान 6 साल के बच्चे की मौत हो गई. मृतक की पहचान बजटो निवासी रंजन कुमार के रूप में हुई है.
इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच में जुट गया है. बीमार पड़े लोगों में अधिकांश बच्चे शामिल हैं. जिन बच्चों और महिलाओं को अस्पताल लाया गया, उनमें 12 वर्षीय दिवाकर कुमार, 12 वर्षीय शिवम कुमार, 10 वर्षीय अनुराधा कुमारी, 10 वर्षीय मनीता कुमारी, 11 वर्षीय रिया कुमारी, 12 वर्षीय प्रिंस कुमार, 8 वर्षीय रानी कुमारी, 5 वर्षीय रंजन कुमार, 16 वर्षीय सुजीत कुमार वर्मा, 10 वर्षीय बादल कुमार, 17 वर्षीय मधु वर्मा, रेखा देवी, रिंकी देवी, बलराम प्रसाद वर्मा समेत अन्य शामिल हैं.
गांव वालों के अनुसार इन लोगों ने गोलगप्पे खाए थे, जिनमें से कई की हालत बिगडऩे पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. पीडि़तों ने बताया कि शनिवार शाम एक ठेलेवाला गोलगप्पे लेकर गांव में घूम-घूमकर बेच रहा था. बच्चों और महिलाओं समेत कई लोगों ने इसे खाया था. रात में कुछ लोगों को हल्की परेशानी महसूस हुई, लेकिन रविवार सुबह होते ही बुखार और पेट दर्द ने गंभीर रूप ले लिया. धीरे-धीरे जिन-जिन लोगों ने गोलगप्पे खाए थे, सभी को तकलीफ होने लगी.
हालात बिगड़ते देख ग्रामीणों ने सभी को एक-एक कर सदर अस्पताल पहुंचाया. सदर अस्पताल में इलाज के दौरान 6 साल के रंजन कुमार की मौत हो गई. बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. गांव में मातम का माहौल है. बाकी सभी मरीजों को अस्पताल के वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है. डॉक्टरों की टीम लगातार मरीजों की निगरानी कर रही है.
