khabar abhi tak

एमपी : छिंदवाड़ा में हज यात्रियों को छोड़कर लौट रही कार पेड़ से टकराई, 3 की मौत, 3 घायल

छिंदवाड़ा. मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के उमरानाला क्षेत्र में सोमवार तड़के करीब 4 से 5 बजे के बीच एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नागपुर में हज यात्रियों को छोड़कर सिंगोड़ी लौट रही कार (एमपी13-एजे- 4859) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों का इलाज छिंदवाड़ा के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां से एक महिला की हालत बेहद गंभीर होने पर उसे नागपुर रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, वाहन चालक और एक अन्य व्यक्ति ने छिंदवाड़ा के अस्पताल में दम तोड़ दिया।

तीन घायलों की हालत गंभीर

कार में सवार तीन अन्य लोग भी हादसे में बुरी तरह घायल हुए हैं। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छिंदवाड़ा शहर के एक निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। उनकी हालत अभी गंभीर बताई जा रही है।

नींद का झोंका आने से हुआ हादसा

हादसे में कार के पेड़ से टकराने की रफ्तार इतनी तेज थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, सुबह का समय होने के कारण चालक को नींद का झोंका आने या फिर वाहन पर से अचानक नियंत्रण खोने के चलते यह हादसा हुआ है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak