छिंदवाड़ा. मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के मोहखेड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बैतूल रोड स्थित नरसला में बुधवार 8 अप्रैल की सुबह करीब 9:30 बजे एक तेज रफ्तार पिकअप ने दोपहिया वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे नागपुर रेफर कर दिया गया है। वर्तमान में पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार पिकअप चालक की तलाश शुरू कर दी है।
काम पर जा रहे थे तीनों लोग
अस्पताल चौकी से मिली जानकारी के अनुसार, नरसला निवासी अनंती ककोडिय़ा (35) पति रवि ककोडिय़ा, निकिता वाड़ीवा (24) पिता भादूलाल वाड़ीवा और आकाश विश्वकर्मा एक दोपहिया वाहन से छिंदवाड़ा की ओर काम पर जा रहे थे। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया।
घायल युवक नागपुर किया रेफर
हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ युवक आकाश विश्वकर्मा पेशे से जेसीबी चालक है और वह छिंदवाड़ा मेडिकल कॉलेज में चल रहे निर्माण कार्य में काम करता है। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर किया गया है। मोहखेड़ थाना पुलिस मामले की जांच करते हुए फरार पिकअप चालक की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
