बताया गया है कि बेलगहना गांव में खेतों की मेढ़ पर लगे ट्रांसफार्मर में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से निकली चिंगारी से खेत में आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में फैलते 15 किसानों की करीब 70 एकड़ से अधिक की गेंहू की फसल को अपनी चपेट में ले लिया। खेतों में आग देख किसान घबरा गए, उन्होने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की लेकिन आग विकराल रुप धारण कर चुकी थी। चारों ओर फै ली आग की खबर मिलते ही दमकल वाहन मौके पर पहुंच गए और आग पर काबू पाया। लेकिन उस वक्त तक खेतों में पकी खड़ी गेंहू की फसल जलकर खाक हो चुकी थी। इस आग की घटना में जिन किसानों को भारी नुकसान हुआ है, उनमें सोमेश मिश्रा, सोनू मिश्रा, रतन मिश्रा, अवधेश तिवारी और ध्रुव कुमार तिवारी सहित कुल 15 किसान शामिल हैं। घटना की सूचना मिलने पर सिंहपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और पीडि़त किसानों से हुई क्षति की जानकारी ली।
अब कैसे होगी बेटी की शादी-
इस घटना से आहत किसान ध्रुव कुमार तिवारी का कहना था कि उनकी बेटी का सोमवार को मैहर में तिलक होना है, इसके बाद शादी। शादी की सारी तैयारी इस साल की अच्छी फसल पर ही निर्भर थी। इस हादसे ने उनके अरमानों पर पानी फेर दिया, वे यही कहते रहे कि अब बेटी की शादी कैसे होगी।