जबलपुर। मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के सिवनी में कार्यरत दिनेश कुमार सनोडिया को ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राज्य स्तरीय क्विक रिस्पांस अवार्ड से नवाजा गया है। यह सम्मान उन्हें बिजली लाइनों के सुधार कार्य में दिखाई गई असाधारण गति और कर्तव्यनिष्ठा के लिए प्रदान किया गया है। घटना के अनुसार 132 के.व्ही. सिवनी-भोमा रेलवे ट्रेक्शन लाइन पर आकाशीय बिजली गिरने के कारण अचानक ब्रेकडाउन हो गया था। इस तकनीकी खराबी की सूचना मिलते ही दिनेश कुमार सनोडिया सक्रिय हुए और महज 35 मिनट के भीतर प्रभावित स्थल पर पहुंच गए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सस्पेंशन पोलिमर स्ट्रिंग के टॉप फेज में फाल्ट की पहचान की। इसके बाद अपनी टीम के साथ मिलकर उन्होंने सुधार कार्य शुरू किया और केवल 3 घंटे की समयावधि में लाइन को दुरुस्त कर रेलवे की विद्युत आपूर्ति पुनः बहाल कर दी। सामान्य परिस्थितियों में इस प्रकार के तकनीकी सुधार में लगभग 6 घंटे का समय लगता है, लेकिन सनोडिया की त्वरित कार्यप्रणाली से यह काम आधे समय में पूरा हो गया। मुख्यालय जबलपुर में आयोजित एक विशेष सम्मान समारोह में एमपी ट्रांसको के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी और सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता नीलकंठ गजानन टिकेकर ने उन्हें मेडल, ट्राफी और प्रशस्ति-पत्र भेंट किया। इस उपलब्धि ने विभाग में त्वरित कार्य संस्कृति को एक नई पहचान दी है।
