जबलपुर/भोपाल. यात्रियों की बढ़ती मांग और किफायती एसी यात्रा की जरूरत को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल ने बड़ा फैसला लिया है। मंडल से संचालित 10 प्रमुख ट्रेनों (5 जोड़ी) में कोच संरचना में बदलाव करते हुए अब 3-टियर एसी कोच की जगह 3एसी इकॉनॉमी कोच लगाए जाएंगे। यह बदलाव जून 2026 से चरणबद्ध तरीके से लागू होगा।
रेलवे का मानना है कि 3एसी इकॉनॉमी कोच के जुडऩे से ज्यादा यात्रियों को कम किराए में एसी सुविधा मिल सकेगी। इससे वेटिंग लिस्ट का दबाव भी कम होगा और लंबी दूरी की ट्रेनों में सीट उपलब्धता बेहतर होगी।
भोपाल मंडल की जिन ट्रेनों में यह सुविधा शुरू की जा रही है, उनमें रानी कमलापति–रीवा, रानी कमलापति–हजरत निजामुद्दीन, भोपाल–सिंगरौली, भोपाल–चोपन और भोपाल–धनबाद रूट की ट्रेनें शामिल हैं। इन सभी ट्रेनों में जून के मध्य से अलग-अलग तारीखों में नया कोच जोड़ा जाएगा।
इन ट्रेनों में मिलेगी सुविधा
15 जून से रानी कमलापति–रीवा एक्सप्रेस
16 जून से रीवा–रानी कमलापति एक्सप्रेस
17 जून से रानी कमलापति–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस
20 जून से निजामुद्दीन–रानी कमलापति व भोपाल–सिंगरौली एक्सप्रेस
21 से 24 जून के बीच चोपन और धनबाद रूट की ट्रेनों में भी बदलाव लागू होगा
नई व्यवस्था से यात्रियों को सस्ते किराए में एसी यात्रा का विकल्प मिलेगा। साथ ही कोचों की संख्या संतुलित होने से भीड़ नियंत्रण में मदद मिलेगी और सफर अधिक आरामदायक होगा।
