पुरानी रंजिश और पूछताछ के दौरान भड़का विवाद
जबलपुर । कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बलदेवबाग चौक के पास स्थित कार्क बार एण्ड रेस्टोरेंट में बीती रात जमकर बवाल हुआ। घटना की शुरुआत रात करीब 9:30 बजे हुई जब बार के पिछले हिस्से में अज्ञात दिशा से अचानक पत्थरों की बारिश होने लगी। सुरक्षा के मद्देनजर बार संचालक प्रशांत उर्फ मोनू राय ने अपने दो कर्मचारियों रूपेश कोरी और सुरेश जायसवाल को पीछे की बस्ती में यह पता लगाने भेजा कि पत्थर कौन फेंक रहा है। जब ये कर्मचारी जांच करते हुए विकास उर्फ रिंकू ग्रोवर के घर के पास पहुंचे, तो वहां मौजूद रिंकू और अमित द्विवेदी ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
लोहे की रॉड से हमला, जान से मारने की धमकी
विवाद बढ़ता देख कर्मचारी अपनी एक्टिवा वहीं छोड़कर जान बचाकर भागे। इसके बाद जब संचालक प्रशांत राय अपने अन्य साथियों के साथ बातचीत के जरिए मामला सुलझाने पहुंचे, तो आरोपियों ने उन पर हमला बोल दिया। रिंकू ग्रोवर और अमित द्विवेदी ने संचालक को घेरकर मारपीट शुरू की। इसी बीच रिंकू ने लोहे की रॉड से कर्मचारी रूपेश कोरी के पैर पर जोरदार प्रहार किया, जिससे उसे गंभीर चोट आई। शोर सुनकर रिंकू के चाचा विनोद ग्रोवर भी वहां आ गए और तीनों ने मिलकर पीड़ितों की जमकर पिटाई की। भागते समय आरोपियों ने दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित पक्ष ने कोतवाली थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी रिंकू ग्रोवर, अमित द्विवेदी और विनोद ग्रोवर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
