कटनी। एमपी के कटनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-3 पर आज उस वक्त हड़कम्प मच गया। जब एक युवक चलती ट्रेन के रुकते ही पटरियों के बीच बोगियों के नीचे जा घुसा। इस हरकत के कारण गाड़ी दानापुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस (01143) को लगभग डेढ़ घंटे तक स्टेशन पर ही रोकना पड़ा। भीषण गर्मी और उमस के बीच ट्रेन खड़ी रहने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शी यात्रियों ने बताया कि ट्रेन अपने निर्धारित समय दोपहर 3.40 बजे प्लेटफार्म पर आकर रुकी थी। तभी लोगों की नजर जनरल कोच और बगल वाली बोगी के बीच कपलिंग (जॉइंट) पर बैठे एक व्यक्ति पर पड़ी। जब यात्रियों ने उसे वहां से हटने को कहा तो वह भागने के बजाय सीधे बोगियों के नीचे पटरी के बीचों-बीच जाकर बैठ गया। युवक के इस आत्मघाती कदम को देख स्टेशन पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की टीमें मौके पर पहुंचीं। युवक को बाहर निकालने के लिए सुरक्षाकर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। उसे बाहर लाने के लिए पहले खाने-पीने की चीजों का लालच दिया गया और बाद में पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया गया। करीब डेढ़ घंटे के ड्रामे के बाद आखिरकार पुलिस ने उसे सुरक्षित बाहर खींच लिया। इस दौरान इंजन के पास भारी भीड़ जमा हो गई थी। ट्रेन के डेढ़ घंटे तक एक ही स्थान पर खड़े रहने के कारण कोच के भीतर मौजूद यात्री, विशेषकर बच्चे और बुजुर्ग, गर्मी व उमस से बेहाल हो गए। इस अप्रत्याशित देरी की वजह से ट्रेन का आगे का पूरा शेड्यूल बिगड़ गया। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए कि युवक चलती ट्रेन के कपलिंग तक कैसे पहुंच गया।
आरपीएफ की हिरासत में युवक-
आरपीएफ के अनुसार युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर हिरासत में ले लिया गया है। युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त है या उसने किसी अन्य कारण से यह कदम उठायाए इसकी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया है और मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Tags
katni