जबलपुर। रिछाई औद्योगिक क्षेत्र के टैक्स मामलों को सुलझाने के बाद शनिवार को निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने नया बाजार की समस्याओं को लेकर क्षेत्र का जायजा लिया। निगमायुक्त ने नया बाजार क्षेत्र का दौरा किया और वहां की जमीनी स्थितियों को देखा। मौके पर मौजूद संबंधित विभाग के अधिकारियों से बाजार की वर्तमान स्थिति, लंबित प्रकरणों और व्यापारियों की समस्याओं की विस्तृत जानकारी ली।
निगमायुक्त का कहना था कि केवल फाइलों की स्थितियों को देखकर शीघ्र ही धरातल पर समाधान निकालें जाएंगे। इन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नया बाजार के मामलों का गहन अध्ययन कर जल्द से जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। रिछाई औद्योगिक क्षेत्र में टैक्स संबंधी मामलों को जिस कुशलता से सुलझाया गया, उससे व्यापारियों में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है। अब नया बाजार मामले में भी वैसी ही तत्परता देखने को मिल रही है। निगमायुक्त ने बताया कि हमारा उद्देश्य शहर के व्यापारिक क्षेत्रों में आने वाली बाधाओं को दूर करना है। रिछाई की तर्ज पर नया बाजार के मामलों को भी सुलझाने के लिए सार्थक और सकारात्मक प्रयास किए जाएंगे, ताकि व्यापारियों को राहत मिल सके और शहर का विकास बाधित न हो।
