जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्रीन सिटी तालाब के पास पुरानी रंजिश को लेकर दो भाइयों पर जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित सचिन उपाध्याय अपने बड़े भाई के साथ 28 मार्च की शाम करीब 6:30 बजे मोटरसाइकिल से भोलानगर रोड होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तालाब के किनारे घात लगाकर बैठे तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। विवाद इतना बढ़ा कि एक आरोपी ने अपने पास छिपाकर रखा हुआ देसी बम निकालकर दोनों भाइयों की ओर फेंक दिया। अचानक हुए इस विस्फोट से इलाके में दहशत फैल गई, हालांकि दोनों भाइयों ने फौरन झुककर अपनी जान बचाई। बम पास ही गिरकर जोरदार धमाके के साथ फटा जिससे मौके पर धुआं और आग फैल गई।
पुलिस ने नाबालिग समेत तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे, जिसकी सूचना मिलते ही थाना प्रभारी वीरेंद्र पवार के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हुई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आरोपियों की तलाश में सघन दबिश दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें 2 नाबालिग भी शामिल हैं। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और विस्फोटक अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। बालिग आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है, जबकि दोनों नाबालिगों को किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
