khabar abhi tak

ट्रेन की चपेट में आई बच्ची, प्लेटफॉर्म के बीच फंसी, अस्पताल में भरती, हालत अत्यंत गंभीर आशंका- किसी ने धक्का दिया

 

नर्मदापुरम। नर्मदापुरम रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर 8 साल की एक बच्ची तमिलनाडु एक्सप्रेस की चपेट में आ गई। उसके सिर, कमर और कंधे पर गंभीर चोटें जिससे काफी खून बहा। बीती रात 8 बजे के लगभग हुई घटना के बाद बच्ची को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद आज भोपाल रेफर किया गया है। 

                        प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्ची अपनी मां के साथ प्लेटफॉर्म पर खड़ी थी। इसी दौरान गुजर रही ट्रेन के इंजन से टकराकर वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गई। ट्रेन की रफ्तार कम होने से वह कुछ दूर जाकर रुक गई। मौके पर मौजूद आरपीएफ, जीआरपी और यात्रियों ने तुरंत बच्ची को ट्रैक से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। इस बीच यह चर्चा भी है कि बच्ची को किसी ने धक्का दिया है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। मामले की जांच जीआरपी कर रही है। घायल बच्ची युविका राजपूत (8) अपनी मां अंजू सिंह राजपूत के साथ स्टेशन आई थी। अंजू पिंक एवेन्यू मालाखेड़ी में रहती हैं और कृषि विभाग में क्लर्क हैं। करीब 7-8 साल पहले एक एक्सीडेंट में पति की मौत के बाद अंजू को अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। जीआरपी के अनुसार, प्लेटफॉर्म के सीसीटीवी फुटेज में महिला और बच्ची घटना से करीब एक-डेढ़ घंटे पहले से वहां मौजूद दिख रही हैं। यह हादसा प्लेटफॉर्म नंबर-1 के इटारसी एंड पर हुआ। मौके पर गिट्टी और प्लेटफॉर्म पर बच्ची का खून लगा हुआ मिला है। जीआरपी थाना प्रभारी संजय चौकसे ने अस्पताल में मौजूद बच्ची की मां अंजू राजपूत के बयान दर्ज किए हैं। जीआरपी का कहना है कि बच्ची तमिलनाडु एक्सप्रेस से कैसे टकराई, इसकी बारीकी से जांच की जा रही है। मां के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं।

भोपाल जाने की बात सामने आई, लेकिन नहीं मिला टिकट

आरपीएफ और जीआरपी ने महिला से यहां आने की वजह पूछी तो महिला ने भोपाल जाने की बात कही। हालांकि उसके पास भोपाल जाने के लिए कोई टिकट नहीं था। सीसीटीवी में करीब एक डेढ़ घंटे तक महिला प्लेटफॉर्म पर घूमती दिख रही है। इस बीच भोपाल जाने वाली अन्य ट्रेन भी निकल चुकी थी। कुछ देर बाद जब ट्रेन निकल गई तो भीड़ दिख रही है। बच्ची खुद इंजन से टकराई या उसे धक्का दिया यह रात की वजह से कैमरे में स्पष्ट नहीं दिख पाया। सूत्रों के मुताबिक पुलिस धक्का देने वाले एंगल पर ज्यादा जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak