जबलपुर। मदनमहल थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात प्रेम संबंधों के चलते उपजा विवाद एक बड़ी वारदात में तब्दील हो गया। इस हिंसक झड़प में 17 वर्षीय एक किशोर की जान चली गई, जो केवल विवाद सुलझाने की कोशिश कर रहा था। घटना में दो अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। पुलिस जांच के अनुसार पूरे घटनाक्रम के पीछे घमापुर के लाल मिट्टी निवासी 22 वर्षीय क्रिश कुमार, बेदी नगर निवासी यशराज और एक युवती के बीच चल रहा आपसी मनमुटाव है। क्रिश कुमार का संबंधित युवती के साथ पिछले 2 साल से प्रेम प्रसंग था, लेकिन कुछ समय पहले दोनों का रिश्ता टूट गया। इसके बाद युवती की सोशल मीडिया के माध्यम से यशराज से दोस्ती हुई जो प्रेम में बदल गई। क्रिश इस नए रिश्ते से नाराज था और युवती पर दोबारा पुराने संबंध बहाल करने का दबाव बना रहा था, जिसे युवती ने स्वीकार नहीं किया। शुक्रवार को गौरीघाट पर जवारे विसर्जन के समय क्रिश और युवती के बीच तीखी झड़प हुई। युवती ने तत्काल यशराज को फोन कर क्रिश की हरकतों की जानकारी दी। इसके बाद यशराज और क्रिश के बीच फोन पर तीखी झड़प हुई और दोनों ने मदनमहल स्टेशन के पास मिलने का समय निर्धारित किया। तय स्थान पर जब दोनों पक्ष पहुंचे तो विवाद गाली-गलौज से शुरू होकर हथियारों तक जा पहुंचा। वहां मौजूद 17 वर्षीय किशोर ने जब हमलावरों को रोकने और बीच-बचाव करने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उस पर प्राणघातक हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण किशोर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हमले में क्रिश और एक अन्य साथी भी लहूलुहान हुए हैं। पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना कर आरोपियों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
