सीधी. एमपी की दशकों पुरानी बहुप्रतीक्षित ललितपुर-सिंगरौली रेल प्रोजेक्ट में काफी तेजी से प्रगति देखने को मिल रही है. रीवा से चुरहट तक रेलवे ट्रैक का निर्माण पूरा होने के बाद पहली बार लोडेड डीजल इंजन का सफल ट्रायल किया गया है.
इस प्रोजेक्ट से सीधी और सिंगरौली जैसे रेल नेटवर्क से अभी तक अछूते रहे जिलों को सीधे रेल नेटवर्क से जोडऩे का रास्ता साफ हो रहा है. रेलवे विभाग चरणबद्ध तरीके से ट्रैक बिछाने और ट्रायल का काम कर रहा है. चुरहट तक इंजन पहुंचना इस दिशा में एक बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा है. इससे यह संकेत मिल गया है कि आने वाले महीनों में सीधी जिला मुख्यालय तक रेल पहुंचना संभव हो सकेगा.
चुरहट तक पहुंचा इंजन
रीवा-सिंगरौली रेल लाइन परियोजना के तहत अब तक गोविंदगढ़ और रामपुर नैकिन तक इंजन पहुंच चुका था. अब रामपुर नैकिन से चुरहट तक ट्रैक निर्माण पूरा होने के बाद सफल ट्रायल किया गया. यह परियोजना के लिए एक काफी महत्वपूर्ण चरण है.
सीधी तक निर्माण कार्य तेज
रेलवे अधिकारियों के अनुसार चुरहट से सीधी तक ट्रैक बिछाने का काम तेजी से चल रहा है. इस हिस्से को प्राथमिकता पर रखा गया है. अधिकारियों का दावा है कि निर्धारित समय सीमा में यह कार्य पूरा कर लिया जाएगा.
जून तक सीधी पहुंचने का दावा
सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि जून महीने तक सीधी जिला मुख्यालय तक इंजन पहुंचने की पूरी संभावना है. उन्होंने बताया कि परियोजना को तेजी से पूरा करने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है. रेलवे मंत्रालय ने इस परियोजना के शेष हिस्से को पूरा करने के लिए लगभग 900 दिनों की समय सीमा तय की है. लक्ष्य है कि सीधी से सिंगरौली तक का काम भी तय समय में पूरा हो जाए.
