शिवपुरी. पश्चिम मध्य रेलवे के शिवपुरी रेलवे स्टेशन के पास स्थित रेलवे क्वार्टर में शनिवार रात रेलवे कर्मचारी का शव मिला है। मृतक के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं। जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है. सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान 34 वर्षीय कमलेश कुशवाह पुत्र हरीराम कुशवाह के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के तालबेहट का निवासी था और रेलवे में ट्रैकमैन के पद पर कार्यरत था। साथी कर्मचारी आकाश श्रीवास्तव ने बताया कि शनिवार को कमलेश की छुट्टी थी। दिनभर जब वह अपने क्वार्टर से बाहर नहीं निकला, तो संदेह होने पर आकाश ने खिड़की से देखा। कमलेश कमरे में जमीन पर पड़ा हुआ दिखाई दिया।
कमरे का मेन दरवाजा बंद, पीछे वाला खुला मिला
इसकी सूचना तुरंत जीआरपी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि कमरे का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था, जबकि पीछे का दरवाजा खुला हुआ था। पुलिस पड़ोसी क्वार्टर की छत के रास्ते अंदर दाखिल हुई। कमलेश के सिर पर चोट के निशान थे और कमरे में उल्टी भी पड़ी हुई थी। कमलेश को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन शिवपुरी पहुंच गए। कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर रविवार 22 मार्च को शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया है। मृतक चार बच्चों का पिता था। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है और मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
