जबलपुर। शहर के पुराने चर्च में महिला दिवस के पावन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उस समय स्थिति असहज हो गई जब वहां अचानक भारी हंगामा शुरू हो गया। इस गंभीर प्रकरण में ओमती पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्राइस्ट चर्च बॉयज स्कूल के निष्कासित प्राचार्य लैडिली मैथ्यू के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर ली है। चर्च के जिम्मेदार पदाधिकारियों द्वारा दी गई लिखित शिकायत के बाद पुलिस ने सघन जांच अभियान छेड़ दिया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार चर्च पदाधिकारी ब्रसली तंगादुरई ने 8 मार्च को इस पूरे घटनाक्रम की शिकायत पुलिस के समक्ष प्रस्तुत की थी। उन्होंने अपनी शिकायत में उल्लेख किया कि गर्ल्स स्कूल परिसर स्थित चर्च में रविवार की विशेष आराधना का दौर चल रहा था।
धार्मिक सभा में अचानक पैदा हुआ व्यवधान
आराधना के दौरान ही क्राइस्ट चर्च बॉयज स्कूल के निष्कासित प्राचार्य लैडिली मैथ्यू वहां पहुंचे और अचानक माइक छीनकर अनापेक्षित बातें करने लगे। आरोपी ने शांतिपूर्ण ढंग से चल रही प्रार्थना सभा में बाधा उत्पन्न करते हुए वहां जमकर शोर-शराबा किया। उस दिन महिला दिवस होने के कारण चर्च में विशेष रूप से महिलाओं के सम्मान का कार्यक्रम सुनिश्चित किया गया था लेकिन इस आकस्मिक हंगामे के चलते वह गरिमामयी कार्यक्रम संपन्न नहीं हो सका। शिकायत में यह भी गंभीर आरोप लगाया गया है कि आरोपी लैडिली मैथ्यू ने वहां उपस्थित महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया जिससे स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई।
बचाव में झूमाझपटी,पुलिस दर्ज किए बयान
जब चर्च में मौजूद प्रबुद्ध जनों और आयोजकों ने आरोपी को शांत करने का प्रयास किया तो आरोपी ने ब्रसली तंगादुरई और फिलिप पमर के साथ हाथापाई और झूमाझपटी की। इस अप्रत्याशित घटनाक्रम के बाद ओमती थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कई प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस ने नवीन कक्क, नितिन बाघ, फिलिप पमर, एलएम सांठे, जैनी परिहार, अल्फ्रेड पेट्रिक और ब्रसली तंगादुरई सहित अन्य लोगों की गवाही को जांच का हिस्सा बनाया है। पुलिस अब इन बयानों और प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।
