जबलपुर। लॉर्डगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत रानीताल ईदगाह के समीप रविवार सुबह एक युवती का रक्तरंजित शव मिलने के मामले में पुलिस खुलासे के बिल्कुल करीब पहुंच गई है। मृतका की पहचान रांझी निवासी 22 वर्षीय पल्लवी पाटीदार के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार पल्लवी की हत्या किसी धारदार हथियार से गला रेतकर अत्यंत क्रूरतापूर्वक की गई है। शव के गर्दन और पेट पर गहरे घाव के निशान मिले हैं जिससे वारदात की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। रविवार की सुबह जब स्थानीय लोगों ने रानीताल ईदगाह के पास झाड़ियों में लहूलुहान अवस्था में शव देखा तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
रांझी की है मृतिका,केटरिंग करती थी
पुलिस जांच में यह महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है कि पल्लवी पाटीदार शहर के रांझी क्षेत्र की रहने वाली थी और वह केटरिंग के काम से जुड़ी थी। वह शहर में आयोजित होने वाले विभिन्न वैवाहिक और अन्य कार्यक्रमों में केटरिंग का काम करने जाया करती थी। पुलिस अब उन सभी लोगों की जानकारी और मोबाइल लोकेशन जुटा रही है जो पिछले पल्लवी के संपर्क में थे। घटनास्थल पर फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्रित किए हैं।
प्रेम प्रसंग का संदेह, आरोपी की तलाश
इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस प्रेम प्रसंग के कोण से जांच को आगे बढ़ा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक पल्लवी का किसी युवक के साथ प्रेम संबंध था और हाल ही में दोनों के बीच किसी बात को लेकर गंभीर विवाद हुआ था। संदेह के घेरे में आया युवक एक टेंट हाउस में काम करता है और घटना के बाद से ही वह अपने घर और कार्यस्थल से फरार बताया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच और लॉर्डगंज पुलिस की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया है जो आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर निरंतर दबिश दे रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी के आने और जाने के मार्ग का सटीक पता लगाया जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
