जबलपुर/दमोह। एमपी के दमोह स्थित बीसनाखेड़ी नोहटा में मोटरसाइकलों में आमने सामने से भिड़ंत हो गई, जिससे दोनों बाइक के परखच्चे उड़ गए। वहीं 6 लोगों को गंभीर रुप से घायल होने के कारण अस्पताल पहुंचाया। जहां पर दो को डाक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। दो की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर किया गया है।
पुलिस को पूछताछ में परिजनों ने बताया कि हेमराज लोधी अपनी पत्नी नीमा, बेटी अंजली को लेकर रिश्तेदारी में सेमरा गांव गए थे। जहां से वे रात 9 बजे अपने घर के लिए निकले। वहीं तेजी लोधी दमोह से अपने घर लौट रहे थे। बीसनाखेड़ी रोड पर दोनों मोटर साइकलों में आमने सामने से भिड़ंत हो गई। भिंड़त इतनी जोरों से हुई कि दोनों बाइक के परखच्चे उड़ गए। वहीं हेमराज, नीमा, अंजली व दूसरी बाइक में सवार तेजी, संतोष व सुमेर के शरीर पर गंभीर चोटें आई। हादसे में घायल सड़क पर पड़े छटपटाते रहे। राह चलते लोगों ने देखा तो पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को उपचार के लिए शासकीय स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया। जहां पर हेमराज व एक अन्य को डाक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं नीमा व अंजली की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर के मेडिकल कालेज रेफर किया गया। अन्य घायल तेजी लोधी व संतोष का जिला अस्पताल भेजा गया। जहां पर दोनों को भरती कर लिया गया है। दुर्घटना के बाद इस रोड पर जाम के हालात निर्मित हो गए थे। पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटवाया, इसके बाद आवागमन सामान्य हो पाया।