जबलपुर। तकनीकी खामियां दूर करके तेजी से काम करने के लिए दिल्ली पीआरएस शनिवार-रविवार की दम्यानी रात तीन घंटे के लिए बंद रहेगा। इससे यात्री या टिकट बुक करवाने वाले लोग इसका फायदा नहीं उठा सकेंगे। दिल्ली से जबलपुर आने वाले यात्रियों को इसके लिए पहले से ही टिकट ले लेनी चाहिए ताकि आगामी दिनों में वे परेशानी से बच सकें।
रेलवे के जानकार कहते हैं कि 14 और 15 मार्च 2026 की आधी रात में दिल्ली की पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम की सेवाएं 3 घंटे के लिए बंद रहेंगी। रेलवे इस दौरान तकनीकी मेंटेनेंस और फाइल कम्प्रेशन का काम करेगा। दिल्ली की पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम की कार्यक्षमता को बेहतर बनाने के लिए रेलवे प्रशासन ने मेंटेनेंस का काम करने का फैसला किया है। इस वजह से कुछ समय के लिए पीआरएस सेवाएं बंद रहेंगी। इस दौरान फाइलों के कम्प्रेशन का काम किया जाएगा ताकि भविष्य में सिस्टम और तेजी से काम कर सके। काम पूरा होते ही सेवाएं फिर से शुरू कर दी जाएंगी। गौरतलब है कि इस सिस्टम को गत 23-24 दिसंबर 25 को भी देर रात रखरखाव के लिए बंद किया था।
