जबलपुर. भारतीय रेलवे द्वारा यात्रियों को डिजिटल सेवाओं से जोडऩे तथा कैशलेस लेन-देन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जबलपुर रेल मंडल के जबलपुर एवं मदन महल रेलवे स्टेशनों पर मंडल के स्काउट एवं गाइड्स के सदस्यों द्वारा आकर्षक नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों को रेलवन (RailOne) ऐप की उपयोगिता एवं सुविधाओं के बारे में जानकारी दी गई।इस जागरूकता अभियान के दौरान स्काउट एवं गाइड्स के सदस्यों ने स्टेशन परिसर में यात्रियों को रेलवन ऐप डाउनलोड करने, इसका उपयोग करने तथा डिजिटल भुगतान के माध्यम से टिकट बुकिंग करने के लाभों के बारे में विस्तार से बताया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि अब रेलवे की अधिकांश यात्री सुविधाएं एक ही मोबाइल एप्लिकेशन पर उपलब्ध हैं, जिससे यात्रियों को टिकट काउंटर पर लगने वाली लंबी कतारों से राहत मिल सकती है और यात्रा अधिक सुविधाजनक बन सकती है।
रेलवे द्वारा यात्रियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रेलवन ऐप के माध्यम से अनारक्षित टिकट खरीदने पर 3 प्रतिशत तक की छूट की सुविधा भी प्रदान की जा रही है। यह व्यवस्था प्रायोगिक आधार पर 14 जनवरी 2026 से 14 जुलाई 2026 तक लागू की गई है।
पूर्व में रेलवन ऐप पर अनारक्षित टिकट बुक करते समय केवल आर-वॉलेट से भुगतान करने पर ही 3 प्रतिशत बोनस कैशबैक मिलता था, लेकिन यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब यह लाभ सभी स्वीकृत डिजिटल भुगतान माध्यमों पर उपलब्ध कर दिया गया है। नई व्यवस्था के अंतर्गत यदि यात्री यूपीआई, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग अथवा अन्य डिजिटल भुगतान माध्यमों का उपयोग कर रेलवन ऐप से अनारक्षित टिकट बुक करते हैं, तो उन्हें टिकट मूल्य पर 3 प्रतिशत तक की छूट प्राप्त होगी। इससे यात्रियों को सीधे आर्थिक लाभ के साथ-साथ डिजिटल भुगतान को भी बढ़ावा मिलेगा।
जबलपुर रेल मंडल द्वारा चलाए जा रहे इस जागरूकता अभियान के अंतर्गत स्काउट एवं गाइड्स के सदस्य यात्रियों को ऐप डाउनलोड करने, लॉगिन करने तथा टिकट बुकिंग की प्रक्रिया को भी सरल तरीके से समझा रहे हैं। यात्रियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे आधुनिक और उपयोगी व्यवस्था बताया।
इसके अतिरिक्त जबलपुर रेल मंडल द्वारा रेलवन ऐप के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए स्टेशनों पर स्टिकर एवं प्रचार सामग्री लगाई जा रही है, साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ट्वीट एवं पोस्ट के माध्यम से भी यात्रियों को जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा स्थानीय प्रिंट मीडिया एवं डिजिटल मीडिया के माध्यम से भी रेलवन ऐप की जानकारी एवं डिजिटल भुगतान पर मिलने वाली 3 प्रतिशत छूट की सुविधा का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक यात्री इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
रेलवे की यह पहल डिजिटल इंडिया अभियान को मजबूती देने के साथ-साथ रेलवे सेवाओं को अधिक आधुनिक, पारदर्शी, पर्यावरण अनुकूल और यात्री-अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विशेष रूप से दैनिक यात्रियों एवं अनारक्षित श्रेणी में सफर करने वाले यात्रियों को इस सुविधा से काफी लाभ मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि सीआरआईएस (CRIS) द्वारा विकसित एकीकृत सुपर ऐप रेलवन का बीटा संस्करण जनवरी 2025 में प्रारंभ किया गया था। यह ऐप गूगल प्ले स्टोर एवं एप्पल ऐप स्टोर पर उपलब्ध है। रेल कनेक्ट या यूटीएस मोबाइल ऐप के मौजूदा उपयोगकर्ता अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर एवं पहचान के साथ इस ऐप में आसानी से लॉगिन कर सकते हैं।
रेलवन ऐप की प्रमुख सुविधाएं
* आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट की बुकिंग और रद्दीकरण
* प्लेटफॉर्म टिकट की ऑनलाइन बुकिंग
* पीएनआर स्टेटस, ट्रेन की लाइव स्थिति एवं कोच पोजीशन की जानकारी
* ट्रेन एवं स्टेशन से संबंधित विभिन्न जानकारियां
* ई-कैटरिंग सेवा के माध्यम से भोजन की ऑनलाइन बुकिंग
* शिकायत एवं सुझाव दर्ज कराना तथा उसकी स्थिति की जानकारी

