khabar abhi tak

चित्रांजलि की रजत जयंती पर दिल्ली में जुटेगी देशभर की फोटोग्राफी प्रतिभा

 


जबलपुर। मूर्धन्य फोटो पत्रकार स्वर्गीय महेंद्र चौधरी की स्मृति में 3 अप्रैल को नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र में 25वीं चित्रांजलि राष्ट्रीय फोटो प्रतियोगिता का भव्य पुरस्कार वितरण समारोह और प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। केंद्र सरकार के सहयोग से होने वाले इस गौरवशाली कार्यक्रम में फेस्टिवल ऑफ इंडिया और राम उत्सव विषयों पर आधारित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। फेस्टिवल ऑफ इंडिया श्रेणी के प्रथम विजेता को 1,00,000 रुपये की नकद राशि और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। चित्रांजलि समिति के अध्यक्ष राजेश चौधरी ने बताया कि इस रजत जयंती आयोजन का संचालन सच्चिदानंद जोशी और आलोक जैन के निर्देशन में किया जा रहा है।

​देशभर से प्राप्त हुईं प्रविष्टियां

​इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता को पूरे देश से व्यापक प्रतिसाद मिला है। फेस्टिवल ऑफ इंडिया श्रेणी के लिए 7000 से अधिक और राम उत्सव श्रेणी के लिए 3500 से अधिक छायाचित्र प्राप्त हुए। इन हजारों प्रविष्टियों में से सर्वश्रेष्ठ छायाचित्रों का चयन देश के विख्यात छायाकार गुरदास दुआ, सचिन सोनी और विनय अंबर की जूरी द्वारा किया गया है। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में चयनित उत्कृष्ट छायाचित्रों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसी अवसर पर एक विशेष कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया जाएगा जिसमें इस प्रतियोगिता की उपलब्धियों और बेहतरीन कलाकृतियों का संकलन होगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak