जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल में रेलवे नियमों के प्रभावी पालन तथा बिना टिकट एवं अनाधिकृत यात्रा पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से रेलवे मजिस्ट्रेट श्री वेदप्रकाश सगर द्वारा जबलपुर से सतना के मध्य विशेष औचक टिकट जांच अभियान चलाया गया।
इस अभियान के अंतर्गत रेलवे मजिस्ट्रेट द्वारा महाकौशल एक्सप्रेस में जबलपुर से सतना के बीच विशेष चेकिंग की गई। प्राप्त शिकायतों के अनुसार अप-डाउन करने वाले कुछ यात्रियों द्वारा एसी एवं स्लीपर कोचों में अनाधिकृत रूप से यात्रा करने की सूचना के आधार पर यह कार्यवाही की गई। चेकिंग के दौरान मजिस्ट्रेट महोदय के साथ सी.टी.आई. एस.एस.एच. आब्दी के नेतृत्व में टिकट चेकिंग स्टाफ, आरपीएफ एवं जीआरपी की टीम भी मौजूद रही।
जांच के दौरान कुल 47 यात्री बिना टिकट तथा 73 यात्री अनाधिकृत रूप से यात्रा करते हुए पाए गए। इस प्रकार कुल 120 यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए रेलवे द्वारा 59,680 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।
सतना से वापसी के दौरान ताप्ती गंगा एक्सप्रेस में भी विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान स्टेशन परिसर एवं प्लेटफॉर्म क्षेत्र का भी निरीक्षण किया गया तथा यात्रियों को नियमों का पालन करते हुए वैध टिकट के साथ यात्रा करने की सलाह दी गई।
चेकिंग अभियान में आत्मानंद श्रीवास्तव, एस. के. हांडे, वेदानंद श्रीवास्तव, सागर एवं संदीप राय सहित टिकट चेकिंग स्टाफ शामिल रहे। वहीं न्यायालय की ओर से मनोज जायसवाल एवं अंकुर जैन का सहयोग प्राप्त हुआ। रेल प्रशासन द्वारा इस प्रकार की औचक जांच कार्यवाही को निरंतर जारी रखते हुए बिना टिकट एवं अनाधिकृत यात्रा पर सख्ती से नियंत्रण किया जा रहा है।
