छतरपुर. एमपी के छतरपुर शहर में चोरी का एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। दरअसल, यहां चोरों ने एक सूने मकान को अपना निशाना बनाया। वारदात को उस समय अंजाम दिया गया, जब पीडि़त अपनी पत्नी के इलाज के लिए ग्वालियर गया हुआ था। इसका फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने घर के ताले तोड़कर नकदी, जेवर और राशन सहित रसोई का भरा हुआ गैस सिलेंडर तक चुरा लिया। बताया जा रहा है कि, जो सिलेंडर चोरी गया है, उसे पीडि़त दिनभर की मशक्कत के बाद लाने में सफल हो सका था।
जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 17 स्थित बुंदेला बब्बा कॉलोनी कॉलोनी निवासी हरनाम सिंह यादव 13 मार्च की शाम करीब 6 बजे अपनी पत्नी के उपचार के लिए ग्वालियर रवाना हुए थे। जब परिवार वापस लौटा, तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाने पर पूरा सामान बिखरा हुआ था और कीमती वस्तुएं गायब थीं।
भरा हुआ सिलेंडर, राशन तक नहीं छोड़ा
पीडि़त हरनाम सिंह ने बताया कि चोरों ने घर से सोने-चांदी के जेवर, जिसमें 10 तोला चांदी की अठन्नी, मंगलसूत्र, पायल, चुन्नी और अंगूठी शामिल हैं, पर हाथ साफ कर दिया। इसके अलावा अलमारी में रखे 30 हजार रुपए नकद भी चोरी हो गए। चोरों की हिमाकत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वे रसोई में रखा भरा हुआ एलपीजी गैस सिलेंडर, साइकिल, प्रेस, दो चश्मे और घर में रखा राशन (5 किलो चावल, 5 किलो मूंग दाल, 5 किलो अरहर दाल, 5 किलो रिफाइंड तेल और 3 किलो निरमा) भी चोरी करके ले गए।
