जबलपुर/भोपाल. मध्य प्रदेश में बिगड़े मौसम के मिजाज के चलते बीती (गुरूवार) की देर रात से आज शुक्रवार 20 मार्च की सुबह तक जमकर गरज-चमक के साथ बारिश हुई, खराब मौसम का असर जबलपुर सहित अनेक संभागों में पड़ा है. पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के आधे से ज्यादा हिस्से में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई। शुक्रवार सुबह से भी कई जिलों में बादलों का डेरा है. वहीं रात भर जबलपुर में रात भर बिजली आंख-मिचौली करती रही. कई क्षेत्रों में बिजली गुल रही. जिससे लोग उमस, गर्मी में परेशान होते रहे.
मौसम विभाग के अनुसार, उज्जैन, पांढुर्णा, बैतूल, झाबुआ और बड़वानी में ओले गिरे हैं। तेज आंधी और बेमौसम बारिश की वजह से खेतों में खड़ी फसलों को खासा नुकसान पहुंचा है। बैतूल और दमोह में करीब आधा इंच पानी गिरा है, जबकि इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन समेत दो दर्जन से अधिक जिलों में तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ीं।
तापमान में भारी गिरावट
बारिश और ठंडी हवाओं के चलते पूरे प्रदेश के तापमान में गिरावट आई है। न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई है। हिल स्टेशन पचमढ़ी 12.6एष्ट के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। वहीं, इंदौर में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री और भोपाल में 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इन जिलों में दर्ज हुई बारिश और आंधी
भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, छतरपुर, मंडला, नरसिंहपुर, सागर, सिवनी, दतिया, धार, नर्मदापुरम, इंदौर, पचमढ़ी, रायसेन, रतलाम, श्योपुर, उज्जैन, आगर-मालवा, शाजापुर, मऊगंज, सतना, मुरैना, उमरिया, झाबुआ, बड़वानी और पांढुर्णा में मौसम विभाग ने तेज आंधी के साथ बारिश दर्ज की है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्तमान सिस्टम के सक्रिय रहने से अगले 24 घंटों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हलकी बारिश की स्थिति बनी रह सकती है।
