पुलिस के अनुसार लकडग़ंज निवासी शेख रिजवान उर्फ बल्लू खान उम्र 30 वर्ष नरघैया स्थित सुवीर मेंस वेयर कपड़ा दुकान में काम करता है। काम से फुरसत होकर रिजवान रात 10 बजे के लगभग अपने घर जाने के लिए निकला। जब वह लकडग़ंज के पास पहुंचा तभी उसके मोबाइल पर सैमूर नामक युवक का कॉल आया, जिसे रिसीव न कर पाया तो तत्काल कॉल बैक किया। बातचीत के दौरान सैमूर ने रिजवान को लकडग़ंज चौराहा बुलाया। रिजवान जैसे ही लकडग़ंज चौक पहुंचा तो सैमूर खान अपने दो साथियों के साथ पहले से ही खड़ा था। रिजवान के पहुंचते ही सैमूर खान ने इशारा किया, तभी दो बदमाश आए और रिजवान पर चाकुओं से हमला कर कर दिया। हमले में रिजवान के सीने, कंधे, पैर और जांघ में गंभीर चोटें आईं। रिजवान पर हमला होते देख आसपास खड़े लोगों में चीख पुकार व अफरातफरी मच गई। शोर सुनकर भाई इमरान व नीरज सोनकर आ गए, जिन्हे देख तीनों हमलावर मोटर साइक ल से दर्शन चौराहा की ओर भाग निकले। भाई सहित अन्य लोगों ने पुलिस को खबर देते हुए रिजवान को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां पर युवक की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां पर युवक की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है। घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने पूछताछ के बाद हमलावरों की तलाश शुरु कर दी है।