पुलिस के अनुसार रनेह गांव निवासी प्रिंस रैकवार व मयंक दुबे दोपहर 12 बजे के लगभग मोटर साइकल से गैसाबाद अपने दोस्तों के पास होली खेलने के लिए रवाना हुए। जब वे पुरैना गांव की ओर बढ़ रहे थे। इस दौरान पीछे से आए भारी वाहन ने टक्कर मार दी। वाहन की टक्कर लगते ही दोनों युवक मोटर साइकल सहित सामने की ओर गिरे, जिन्हे कुचलते हुए वाहन निकल गया। हादसे में प्रिंस व मयंक के शरीर पर गंभीर चोटें आई। राह चलते लोगों ने देखा तो पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने खून से लथपथ प्रिंस व मयंक को उपचार के लिए एम्बुलेंस से अस्पताल रवाना किया, लेकिन रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन व रिश्तेदार पहुंच गए, जिन्होने दोनों को देखा तो फूट-फूटकर रोए। होली के दिन हुई इस दुखद घटना से पूरे रनेह गांव में मातम छा गया है और त्यौहार की खुशियां गम में बदल गईं। इधर पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर भारी वाहन की तलाश शुरु कर दी है। आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों और चश्मदीदों के जरिए आरोपी चालक का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
Tags
damoh