जबलपुर । बेलबाग थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरंदी बाजार में बीती देर रात एक अगरबत्ती दुकान में भीषण आग लग गई। इस हादसे में दुकान के अंदर रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बेलबाग थाना पुलिस और नगर निगम के अग्निशमन दल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पाया।
त्योहार में किया था स्टॉक
आगामी नवरात्रि त्योहार को देखते हुए दुकानदार ने भारी मात्रा में अगरबत्ती, धूपबत्ती और पूजन सामग्री का नया स्टॉक जमा किया था। ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। शुरुआती जांच में आग लगने की मुख्य वजह बिजली के तारों में हुआ शार्ट सर्किट माना जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के तुरंत बाद बिजली विभाग को सूचना दी गई थी, लेकिन टीम के देरी से पहुंचने के कारण बचाव कार्य शुरू करने में बाधा आई। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि यदि बिजली विभाग तत्परता दिखाता और समय पर क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद कर देता, तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। दमकल की गाड़ियों के पहुंचने के बाद भी काफी समय तक बिजली बंद होने का इंतजार करना पड़ा। फिलहाल बेलबाग थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर आगजनी के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। राजस्व विभाग की टीम द्वारा हुए वास्तविक नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
