पुलिस के अनुसार जबलपुर से आज मैजिक वाहन में शराब से भरे दूध के कंटेनर लोड कर अवैध कारोबारी मंडला के लिए रवाना हुए। इस बात की खबर मिलते ही बीजाडांडी के पास पुलिस ने चेकिंग लगा दी। जैसे ही मैजिक वाहन पहुंचा तो पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक कर तलाशी ली तो दूध के कंटेनरों में अंग्रेजी शराब छिपाकर रखी मिली। पुलिस ने वाहन चालक मनमोहन झारिया निवासी सालीवाड़ा को गिरफ्तार किया। जांच में यह भी सामने आया कि शराब तस्करी को सुरक्षित बनाने के लिए एक टोयोटा ईटियॉस कार मैजिक वाहन के आगे चल रही थी। इस कार में सवार प्रिंस गुप्ता और संजय दोहरे उर्फ रेडए निवासी मंडला को भी पुलिस ने पकड़ लिया। पकड़ी गई शराब की कीमत 9 लाख रुपए के लगभग बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार संजय दोहरे, प्रिंस गुप्ता और मनमोहन झारिया के खिलाफ पहले से भी आबकारी के कई मामले दर्ज हैं और ये तीनों आदतन अपराधी पाए गए हैं।