पुलिस के अनुसार माधव नगर स्थित बंगला कैम्प लाइन पहुंचे 10 से 12 बदमाशों ने एक घर पर दनादन बम फेंकना शुरु कर दिया। बमों के हमले से परिजनों में चीख पुकार मच गई। यहां तक कि आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए, देखा तो चारों ओर धुआं ही धुआं दिखाई दे रहा था। अचानक किए गए हमले में नितेश उम्र 15 वर्ष, प्रियांशु 17 वर्ष, अमन 18 वर्ष,कविता 25 वर्ष, देव 11 वर्ष, रोहिणी 35 वर्ष व प्रीत 18 वर्ष को चोटें आई है। घटना की सूचना मिलते ही माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल पर पूछताछ के बाद हमलावरों की तलाश शुरु कर दी है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश का लग रहा है। इलाके में शांति बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। फरार आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।