जबलपुर/दमोह। जबलपुर के पाटन-तेंदूखेड़ के बीच हनुमतखेड़ा गांव में आज शाम करीब 5 बजे खेत की मेड़ पर आग लग गई। देखते ही देखते लपटें आसपास के कई खेतों तक फैल गईं। ग्रामीणों ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश शुरू की और तेंदूखेड़ा से फायर ब्रिगेड को खबर दी।
ग्रामीणों का कहना था कि बच्चों ने खेल-खेल में खेतों की मेड़ में पड़े सूखे पत्तों में आग लगा दी। जो गर्मी की वजह से तेजी से फैल गई। आग इतनी तेज थी कि उसने कुछ पेड़ों को भी अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही पाटन व तेंदूखेड़ा से फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और समय रहते आग बुझ जाने से खेतों में खड़ी फसल भी बच गई। गौरतलब है कि इन दिनों गेहूं की कटाई चल रही है और शॉर्ट सर्किट या दूसरी वजहों से आगजनी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।