
जबलपुर/कटनी. पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल के कटनी में पिछले दिनों (7 मार्च) हुए मालगाड़ी हादसे को पमरे प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए घटना की जांच तेज कर दी है। वहीं पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक प्रमोद कुमार खत्री ने शुक्रवार 13 मार्च को दुर्घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तकनीकी पहलुओं पर चर्चा की।
जीएम ने जल्द रिपोर्ट सौंपने के दिये निर्देश
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक प्रमोद कुमार खत्री ने हादसे के कारणों को लेकर मौके पर मौजूद अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जांच प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा कर रिपोर्ट पेश की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। इस दौरान रेलवे बोर्ड द्वारा गठित विशेष जांच समिति के सदस्य भी उनके साथ मौजूद रहे।
फिलहाल एसएसई स्तर पर हो रही जांच
वहीं मौके पर मौजूद जबलपुर मंडल के एडीआरएम आनंद कुमार ने पत्रकारों के जवाब में बताया कि महाप्रबंधक का यह दौरा मुख्य रूप से नियमित निरीक्षण का हिस्सा था, लेकिन उन्होंने विशेष प्राथमिकता के साथ मालगाड़ी हादसे वाले स्थल का जायजा लिया। उन्होंने आगे जानकारी दी कि वर्तमान में हादसे की जांच एसएसई स्तर पर की जा रही है। वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगे।
रेल यातायात पूरी तरह सामान्य
7 मार्च को हादसे के तुरंत बाद युद्धस्तर पर किए गए मरम्मत कार्यों के चलते रेलवे ने ट्रैक को बहाल कर दिया गया था। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान में इस रूट पर रेल यातायात पूरी तरह सुचारु है और सभी यात्री व मालगाडिय़ां अपने निर्धारित समय से चल रही हैं।
