जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत हिरन नदी के कोनी घाट पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ नहाने गए 15 वर्षीय बालक पुष्पेंद्र की पानी में डूबने से मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुष्पेंद्र अपने मित्रों के साथ नदी में स्नान करने के लिए कोनी घाट पहुंचा था। नहाते समय अचानक वह गहरे पानी की ओर चला गया और डूबने लगा। साथ मौजूद साथियों ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, परंतु पानी की गहराई अधिक होने के कारण वे उसे सुरक्षित बाहर निकालने में विफल रहे। हादसे के तुरंत बाद उसके साथी घबराकर गांव पहुंचे और पुष्पेंद्र के परिजनों को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही कोनी गांव के ग्रामीण और परिवारजन तत्काल घाट पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने नदी में सघन तलाशी अभियान चलाकर पुष्पेंद्र को बाहर निकाला और उसे लेकर पाटन अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत पुष्पेंद्र को मृत घोषित कर दिया। पाटन पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
हिरन नदी में डूबने से 15 वर्षीय पुष्पेंद्र की मृत्यु
