द्वितीय वार्षिक परीक्षा का आयोजन - अनुपस्थित और अनुत्तीर्ण छात्रों को मिलेगा अवसर
जबलपुर। मध्य प्रदेश स्कूल शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2025-2026 के लिए कक्षा 9वीं और 11वीं की द्वितीय वार्षिक परीक्षा का आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया है। यह परीक्षा विशेष रूप से उन विद्यार्थियों के लिए आयोजित की जा रही है, जो मुख्य वार्षिक परीक्षा के दौरान अनुपस्थित रहे थे या किन्हीं कारणों से अनुत्तीर्ण हो गए थे। विभाग के इस निर्णय का उद्देश्य विद्यार्थियों को उसी शैक्षणिक वर्ष में अपनी योग्यता सिद्ध करने का एक अतिरिक्त मौका प्रदान करना है ताकि उनका साल खराब न हो। इस परीक्षा के लिए प्रश्नपत्रों का निर्माण राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा परिषद और जिला स्तर पर संयुक्त रूप से किया जाएगा। परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला शिक्षा अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। शासन ने दिव्यांग श्रेणी के छात्रों के लिए विशेष दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं ताकि उन्हें परीक्षा के दौरान नियमानुसार सुविधाएं प्राप्त हो सकें। परीक्षा के आयोजन और कॉपियों के मूल्यांकन को लेकर विभाग ने अलग से विस्तृत निर्देश जारी किए हैं। मूल्यांकन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी। स्कूल प्रबंधन को निर्देशित किया गया है कि वे सभी संबंधित छात्रों को परीक्षा समय सारणी की जानकारी समय रहते उपलब्ध करा दें। यह परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद पात्र छात्रों को अगली कक्षा में प्रवेश की पात्रता मिल सकेगी।
