khabar abhi tak

यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, बस ने ईको वैन को मारी टक्कर, 6 लोगों की मौत, 7 गंभीर

लखनऊ. उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार 3 मार्च की तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. माइलस्टोन 141 के पास एक निजी डबल डेकर बस ने आगे चल रही ईको वैन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण भिड़ंत में वैन में सवार 13 लोगों में से 6 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतकों में तीन महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, वैन में सवार सभी यात्री दिल्ली के प्रेम नगर से राजस्थान के धौलपुर जिले के राजाखेड़ा जा रहे थे.

अपर पुलिस अधीक्षक राम आनंद कुशवाहा ने बताया कि यह हादसा सादाबाद थाना क्षेत्र के हरिया गढ़ी गांव के पास सुबह करीब 4:15 से 4:20 बजे के बीच हुआ. ट्रैवल पॉइंट कंपनी की डबल डेकर बस नोएडा से गोरखपुर की ओर जा रही थी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईको वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सड़क से करीब 10 फीट दूर जा गिरी. वैन का पिछला हिस्सा पूरी तरह से पिचक गया था.

मृतकों और घायलों की पहचान

पुलिस ने मृतकों की पहचान दिनेश (50), उनकी पत्नी सुनीता (48), विजय बघेल (27), उनकी पत्नी पिंकी बघेल (26), लोकेश (35) और नत्थू देवी (65) के रूप में की है. ये सभी राजस्थान के धौलपुर जिले के निवासी थे. घायलों में चार छोटे बच्चे (आर्यन, अंशु, लक्ष्य और प्राची) और तीन अन्य वयस्क शामिल हैं. घायलों को तत्काल आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज और स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों के अनुसार, दो बच्चों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है.

एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित

हादसे के बाद यमुना एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल रहा और यातायात बाधित हुआ. सूचना मिलते ही सादाबाद पुलिस और एक्सप्रेसवे की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर रास्ता साफ कराया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है और जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं.

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak