रायपुर। छत्तीसगढ़ में रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे 130 पर सिमगा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दरचुरा मोड़ के पास ट्रेलर ने एक यात्री बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और बस हाईवे से नीचे जाकर पलट गई। हादसे में पांच लोगों की मौत होने की खबर है, जबकि दर्जनभर से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
सुबह सवा ग्यारह बजे हुआ हादसा
मिली जानकारी के मुताबिक यह हादसा शुक्रवार सुबह लगभग सवा ग्यारह बजे हुआ। यात्री बस रायपुर से बिलासपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान सिमगा से लगभग 10 किलोमीटर आगे दामाखेड़ा मार्ग पर दरचुरा मोड़ के पास पीछे से आ रहे ट्रेलर ने बस को जोरदार टक्कर मार दी।
पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर
हादसे की सूचना मिलते ही सिमगा थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। घायलों को तुरंत सिमगा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है और मामले की जांच की जा रही है।
