khabar abhi tak

बेटी को लेकर कुएं में कूदी मां, 4 माह से मायके में रही, भाई बोला, प्रताडि़त करते रहे ससुराल वाले..!

 

  सागर। एमपी के सागर स्थित ग्राम हिन्नोद में सीमा पाल नामक महिला ने आज 5 साल की बेटी प्रियांशी को लेकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव कुएं में उतराते मिलने पर परिजनों ने पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर मर्ग कायम कर लिया है। 

                                   पुलिस के अनुसार ग्राम नाहरमऊ निवासी सीमा पति भागीरथ पाल अपनी 5 वर्षीय बेटी प्रियांशी के साथ पिछले करीब चार माह से अपने मायके हिन्नोद में रह रही थी। सीमा आज बेटी को लेकर खेत जाने का कहकर निकली और कुएं में कूदकर जान दे दी। सीमा व उसकी बेटी के घर न लौटने से परिजन चितिंत हो गए, वे तलाश करते हुए खेत पहुंचे तो देखा कि दोनों के शव कुएं में उतरा रहे है। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों की मदद से शवों को बाहर निकलवाया। इस दौरान मृतका के भाई संजू पाल ने बताया कि सीमा की शादी वर्ष 2017 में नाहरमऊ निवासी भागीरथ पाल से हुई थी। शादी के बाद से ही पति अक्सर सीमा के साथ मारपीट और विवाद करता था। जिसकी शिकायत महिला थाने में भी की गई थी। परिजनों का कहना है कि पति की लगातार प्रताडऩा से तंग आकर सीमा मायके में रह रही थी और मानसिक तनाव से गुजर रही थी।

पति बोला, ससुर को कैंसर है, इसलिए मायके गई थी-

वहीं दूसरी ओर पति भागीरथ पाल ने ससुराल पक्ष के सभी आरोपों को सिरे से नकार दिया है। भागीरथ का कहना है कि सीमा के पिता को कैंसर है। उनकी तबीयत खराब रहने के कारण ही वह उनकी देखभाल के लिए मायके गई थी। दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती थी और उसे नहीं पता कि सीमा ने यह कदम क्यों उठाया। 


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak