khabar abhi tak

जबलपुर: एंटी रैबीज इंजेक्शन लगते ही 2 साल की मासूम की मौत,आक्रोश


परिजनों का कहना है कि इंजेक्शन लगते ही बच्ची की हालत अचानक बिगड़ने लगी और देखते ही देखते उसने दम तोड़ दिया

जबलपुर। जिले के मझगवां थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक दुखद घटना सामने आई है। यहाँ के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एंटी रैबीज इंजेक्शन लगने के बाद 2 साल की एक मासूम बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। जानकारी के अनुसार मझगवां निवासी दिनेश वंशकार की 2 वर्षीय बेटी को एक श्वान ने काट लिया था। इसके बाद परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। अस्पताल में मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों ने बच्ची को रैबीज से बचाव के लिए इंजेक्शन लगाया। परिजनों का कहना है कि इंजेक्शन लगते ही बच्ची की हालत अचानक बिगड़ने लगी और देखते ही देखते उसने दम तोड़ दिया।

​आक्रोशित ग्रामीणों ने मझगवां थाने का घेराव कर की कार्रवाई की मांग

​उपचार के दौरान बच्ची की मृत्यु हो जाने से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। प्रदर्शनकारियों ने मौके पर तैनात नर्स पर इलाज में घोर लापरवाही बरतने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना से आक्रोशित होकर बड़ी संख्या में लोग मझगवां थाने पहुंचे और वहाँ घेराव कर जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने कुछ समय के लिए सड़क पर चक्का जाम भी कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और दोषी स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई हो। पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और परिजनों को उचित जांच का आश्वासन दिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak