उज्जैन. मध्य प्रदेश के उज्जैन-नागदा मार्ग पर उन्हेल टोल नाके से 5 किलो मीटर पहले मंगलवार 17 मार्च की सुबह करीब 10:30 बजे एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार और ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार की आगे की सीट पर बैठे दो युवकों की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे दो युवा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को उज्जैन के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जाता है कि घायलों को एक राहगीर ने अस्पताल पहुंचाया, जबकि एम्बुलेंस से शव अस्पताल लाए गए। घायलों में प्रवेश मारोठिया हैं, जिनके पैर में फैक्चर हुआ है। जबकि देवेंद्र को भी गंभीर चोट आई हैं।
राहगीर ने पहुंचाया अस्पताल
राहगीर नंद कुमार मिश्रा ने बताया कि वे ग्रेसिम कंपनी में इंजीनियर हैं और उज्जैन आ रहे थे। रास्ते में 20-25 गाडिय़ां खड़ी थीं। एक्सीडेंट हुआ था, पर कोई मदद नहीं कर रहा था। उन्होंने एक युवक को सीपीआर दिया पर उसकी जान नहीं बच पाई। उन्होंने बताया कि दो युवकों के शव एम्बुलेंस से भिजवाए और देवेंद्र को अपनी गाड़ी से लाकर ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया।
