khabar abhi tak

कटनी सिंगरौली रेलखंड के कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर WCRMS ने महाप्रबंधक को सौंपा ज्ञापन

 
ब्यौहारी. पश्चिम मध्य रेलवे मजदूर संघ (WCRMS) के पदाधिकारियों ने पश्चिम मध्य रेलवे की महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय से मुलाकात कर उनके ब्यौहारी आगमन पर पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया. इस दौरान संघ प्रतिनिधियों ने कटनी–सिंगरौली रेलखंड में कार्यरत कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपा और जल्द समाधान की मांग उठाई.

संघ पदाधिकारियों ने बताया कि कटनी–सिंगरौली रेलखंड में कार्यरत कर्मचारियों को कई मूलभूत समस्याओं के बीच कार्य करना पड़ रहा है. रेलवे कर्मचारियों के लिए पर्याप्त आवास की व्यवस्था नहीं होने के कारण कई कर्मचारियों को बाहर किराये के मकानों में रहना पड़ रहा है, जिससे उनके परिवारों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है. इसके अलावा ब्यौहारी, छतैनी, दुबारी कला, शंकरपुर भदौरा सहित कई रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था नहीं है. कर्मचारियों को पीने के पानी के लिए आसपास के गांवों से पानी लाना पड़ता है. मजदूर संघ ने संबंधित स्टेशनों पर आरओ प्लांट लगाकर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है.

संघ ने रेलवे कॉलोनियों में बच्चों के लिए प्रस्तावित बाल उद्यानों का निर्माण अब तक नहीं होने पर नाराजगी जताई और जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग रखी. साथ ही कई रेलवे आवासों में टूटी टाइल्स, क्षतिग्रस्त दरवाजे और खिड़कियों जैसी समस्याओं को लेकर भी शिकायत की गई. कर्मचारियों ने बताया कि इन समस्याओं को लेकर कई बार वरिष्ठ खंड अभियंता (कार्य) को अवगत कराया गया, लेकिन समाधान नहीं हो पाया. यूनियन पदाधिकारियों ने इन सभी मुद्दों को महाप्रबंधक के समक्ष रखकर निराकरण कराने का आग्रह किया, जिस पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया.

इस दौरान मजदूर संघ ने कर्मचारियों की बहुप्रतीक्षित मांग एलडीसी ओपन टू ऑल को लेकर भी चर्चा की. संघ पदाधिकारियों ने कहा कि विभागीय भर्तियों में सभी विभागों के कर्मचारियों को समान अवसर मिलना चाहिए. गार्ड, स्टेशन मास्टर, लोको पायलट सहित अन्य पदों की भर्ती में सभी कर्मचारियों को भाग लेने का अवसर प्रदान किया जाए.

ब्रांच उपाध्यक्ष रामरहीश पटेल ने रेलवे कॉलोनियों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग रखी. वहीं उपाध्यक्ष अखिलेश विश्वकर्मा ने कहा कि ट्रैक मेंटेनर संवर्ग के कर्मचारी सबसे अधिक मेहनत करते हैं, लेकिन उन्हें अपेक्षित सम्मान और सुविधाएं नहीं मिल पाती हैं. उन्होंने ट्रैक मेंटेनर कर्मचारियों को पदोन्नति के अधिक अवसर देने और अन्य विभागों में कार्यरत कर्मचारियों को भी जोखिम भत्ता देने की मांग उठाई.

आवास समिति के सदस्य और युवा विंग सचिव व्योमकेश पाण्डेय ने कहा कि पश्चिम मध्य रेलवे मजदूर संघ हमेशा कर्मचारियों के हितों के लिए संघर्ष करता रहा है. यदि प्रशासन द्वारा कर्मचारी हितों के विरुद्ध कोई निर्णय लिया जाता है तो संघ तत्काल कर्मचारियों की आवाज उठाने का कार्य करता है.

इस अवसर पर ब्यौहारी ब्रांच के उपाध्यक्ष रामरहीश पटेल, उपाध्यक्ष अखिलेश वर्मा, आवास समिति सदस्य एवं युवा विंग सचिव व्योमकेश पाण्डेय, सहायक सचिव विपिन गुप्ता, ओम प्रकाश बिंद, देवांश गौतम, कमलेश साहू सहित कई पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे.

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak