जबलपुर। जबलपुर के दमोह नाका एक्सटेंशन फ्लाईओवर में दरार होने के दावों को लोक निर्माण विभाग ने पूरी तरह से खारिज कर दिया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो भ्रामक है और जिसे दरार बताया जा रहा है, वह असल में तकनीकी रूप से बनाया गया 'एक्सपांशन ज्वाइंट' है।
क्यों किया विभाग ने खण्डन
3 फरवरी 2026 को मध्य भारत मोर्चा के सदस्यों द्वारा एक वीडियो वायरल किया गया था, जिसमें फ्लाईओवर की सुरक्षा पर सवाल उठाए गए थे। कार्यपालन यंत्री शिवेंद्र सिंह के अनुसार, स्लैब के बीच कंक्रीट के फैलाव और संकुचन को नियंत्रित करने के लिए एक्सपांशन ज्वाइंट दिए जाते हैं, जो निर्माण का एक अनिवार्य हिस्सा हैं। बिना तथ्यों की जांच किए जनता में भय फैलाने के आरोप में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कोतवाली थाने में FIR दर्ज कराई जा रही है। विभाग ने पुष्टि की है कि फ्लाईओवर यातायात के लिए पूरी तरह सुरक्षित है।
