जबलपुर। मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी ने प्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र में स्वर्णिम अध्याय लिखते हुए आज एक नया रिकॉर्ड कायम किया है। कंपनी की दो ताप विद्युत इकाइयों ने बिना रुके लगातार बिजली उत्पादन का कीर्तिमान रचा है। इसमें अमरकंटक ताप विद्युत गृह चचाई की 210 मेगावाट क्षमता वाली यूनिट नंबर-5 ने लगातार 500 दिन तक बिजली उत्पादन कर देश के स्टेट सेक्टर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं, सतपुड़ा ताप विद्युत गृह सारनी की 250 मेगावाट क्षमता वाली यूनिट नंबर-10 ने भी सतत उत्पादन के 100 दिन पूरे कर लिए हैं।
देश के स्टेट सेक्टर की पहली यूनिट बनी चचाई नंबर-5
आंकड़ों के अनुसार, चचाई की यूनिट नंबर-5 देश के सार्वजनिक क्षेत्र की तीसरी और स्टेट सेक्टर की पहली ऐसी इकाई बन गई है जिसने लगातार 500 दिनों तक बिजली पैदा की है। यह यूनिट 1 अक्टूबर 2024 से निर्बाध रूप से संचालित हो रही है। इस उपलब्धि पर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर और अपर मुख्य सचिव ऊर्जा नीरज मंडलोई ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह पावर जनरेटिंग कंपनी के इतिहास का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है। उन्होंने इसे टीम की तकनीकी काबिलियत और पेशेवर प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
तकनीकी उत्कृष्टता और उच्च मापदंडों का प्रदर्शन
अमरकंटक ताप विद्युत गृह चचाई की इस यूनिट ने न केवल रिकॉर्ड बनाया, बल्कि संचालन के उच्च मानक भी स्थापित किए हैं। 500 दिनों के इस सफर में यूनिट ने 98.64% प्लांट अवेलेबिलिटी फेक्टर और 95.30% प्लांट लोड फेक्टर हासिल किया। अधिकारियों के अनुसार, यह सफलता सावधानीपूर्वक बनाई गई योजना, मजबूत निवारक रखरखाव और परिचालन की निरंतर निगरानी का परिणाम है, जिससे उपभोक्ताओं को भरोसेमंद और किफायती बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित हो सकी है।
सारनी यूनिट-10 ने भी दिखाया दमखम
रिकॉर्ड बनाने की इस दौड़ में सारनी के सतपुड़ा ताप विद्युत गृह की यूनिट नंबर 10 ने भी अपनी दक्षता साबित की है। 5 नवंबर 2025 से लगातार चल रही इस यूनिट ने 100 दिन पूरे कर लिए हैं। इस दौरान यूनिट ने 100.16% पीएएफ और 92.85% पीएलएफ दर्ज कर अपनी ऑपरेशनल विश्वसनीयता का प्रदर्शन किया। गौरतलब है कि सारनी की यही यूनिट इसी वित्तीय वर्ष में पहले भी 200 से अधिक दिनों तक लगातार बिजली उत्पादन करने का रिकॉर्ड बना चुकी है।
