khabar abhi tak

अब पांच से ज्यादा ई-चालान कटे तो होगा लाइसेंस निरस्त, जब्त किया जाएगा वाहन

जबलपुर। एमपी के जबलपुर में अब ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। शहर में लगातार बढ़ते सड़क हादसों, ट्रैफिक जाम व नियमों के उल्लंघन की घटनाओं को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है कि जिन वाहन मालिकों पर पांच से अधिक ई-चालान लंबित पाए जाएंगे उनके खिलाफ सीधे दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के तहत संबंधित व्यक्ति का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किया जा सकता है और जरूरत पडऩे पर वाहन भी जब्त किया जा सकेगा।

                                 बताया गया है कि शहर में बड़ी संख्या में ऐसे वाहन चालक हैं जिनके ऊपर कई ई-चालान लंबित हैं लेकिन उन्होंने अब तक उनका भुगतान नहीं किया है। हेलमेट न पहनना, सीट बेल्ट का उपयोग न करना, रेड लाइट जंप करना, ओवरस्पीडिंग व मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाना जैसे उल्लंघनों के चलते बार-बार चालान काटे गए लेकिन राशि जमा नहीं कराई गई। इससे न केवल राजस्व की हानि हो रही है बल्कि नियमों के प्रति लापरवाही भी बढ़ रही है। प्रशासन का मानना है कि यदि सख्ती नहीं की गई तो सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना मुश्किल हो जाएगा। 

यातायात पुलिस तैयार कर रही सूची-

ट्रैफिक विभाग ने ऐसे वाहन चालकों की सूची तैयार करना शुरू कर दिया है जिन पर पाँच या उससे अधिक ई-चालान बकाया हैं। इनकी जानकारी परिवहन विभाग को भेजी जाएगी। इसके बाद ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन या निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। 

मौके पर ही जब्त हो सकता है वाहन-

 जिन वाहनों पर अत्यधिक बकाया चालान हैं और वे नियमों का लगातार उल्लंघन करते पाए जाते हैं, उन्हें मौके पर ही जब्त किया जा सकता है। शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील इलाकों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस अब डिजिटल डेटा के आधार पर कार्रवाई करेगी। जिससे मौके पर ही वाहन का रिकॉर्ड देखा जा सकेगा और लंबित चालानों की जानकारी तुरंत मिल सकेगी।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak