जबलपुर:मुझ पर दबाव बनाया गया, हारकर पिया जहर


एकलव्य स्कूल की पूर्व स्टाफ नर्स ने फिनाइल पीकर आत्महत्या का प्रयास किया

जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र के रामपुर स्थित एकलव्य विद्यालय में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ कार्यरत रहीं पूर्व स्टाफ नर्स जागृति इनवाती ने शनिवार को स्कूल परिसर के पास फिनाइल पीकर जान देने की कोशिश की। आनन-फानन में सहकर्मियों ने उन्हें विक्टोरिया अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार जागृति की हालत अब खतरे से बाहर है।

वीडियो बना स्कूल प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप

​आत्मघाती कदम उठाने से पहले जागृति इनवाती ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में उन्होंने एकलव्य विद्यालय प्रशासन पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। जागृति का कहना है कि उन्हें लंबे समय से परेशान किया जा रहा था। उन्होंने पूर्व में इसकी शिकायत पुलिस से भी की थी, लेकिन आरोप है कि उन पर लगातार शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा था।

वेतन बकाया और परिसर में प्रवेश पर रोक बनी वजह

​जागृति के अनुसार, शनिवार को जब वह स्कूल पहुँचीं तो उन्हें अंदर जाने से रोक दिया गया, जिससे वे काफी आहत हुईं। थाना प्रभारी नितिन कमल ने बताया कि जागृति को कुछ समय पहले नौकरी से हटा दिया गया था और उन्हें आवंटित क्वार्टर खाली करने का नोटिस भी दिया गया था। वीडियो में जागृति बार-बार अपने पिछले चार महीने के बकाया वेतन की मांग कर रही हैं, ताकि वे अपनी आर्थिक जरूरतों को पूरा कर वहां से जा सकें।

पुलिस द्वारा मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन

​घटना की सूचना मिलते ही गोरखपुर थाना पुलिस ने मामले को संज्ञान में ले लिया है। थाना प्रभारी नितिन कमल ने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। नर्स द्वारा लगाए गए प्रताड़ना के आरोपों और स्कूल प्रशासन के पक्ष, दोनों की जांच की जाएगी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या वास्तव में वेतन रोका गया था और क्या नर्स को जानबूझकर परेशान किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post