पुलिस अधिकारियों के अनुसार बिहार निवासी युवक आदित्य पिता हरिवंश राय उम्र 21 वर्ष हैदराबाद में रहकर नीट की तैयारी कर रहा था। आदित्य त्यौहार के चलते होली स्पेशल टे्रन चिरापल्ली-दानापुर एक्सप्रेस से अपने घर बिहार जाने के लिए निकला। बीते दिन समनापुर-चरेगांव के बीच रेलवे ट्रेक पर आदित्य की क्षत-विक्षत हालत में लाश मिलने की खबर पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने जंगल क्षेत्र से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर शिनाख्ती के प्रयास शुरु कर दिए। पुलिस को घटनास्थल के पास एक पेड़ आदित्य का बैग मिला, जिसमें मिले दस्तावेज से पुलिस ने रिश्तेदारों से संपर्क किया। आज आदित्य के जीजा सिकंदर कुमार बालाघाट पहुंचे और उन्होने शिनाख्त की। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आखिर आदित्य एक्सप्रेस टे्रन से कहां उतरा, यहां कैसे पहुंचा है। पुलिस को यह भी खबर मिली है कि वह मालगाड़ी के सामने आ गया, जिससे हादसे का शिकार हुआ है। वहीं जीजा सिकंदर का कहना है कि उन्होने 23 फरवरी को आदित्य को होली स्पेशल ट्रेन में बिठाकर रवाना किया था। रात में आदित्य से बात भी लेकिन इसके बाद संपर्क नहीं हो पाया। पुलिस इस बात का भी पता लगा रही है कि आदित्य हैदराबाद से बिहार जाने के लिए होली स्पेशल चिरापल्ली-दानापुर एक्सप्रेस में सवार हुआ था। वह बालाघाट कैसे पहुंचा और उसके साथ यह घटना कैसे हुई।