बीच सड़क पर 'वॉटर शो': लापरवाही से फटी नर्मदा पाइपलाइन, लोग धोते रहे गाड़ियाँ और प्यासा रहा शहर,देखें वीडियो


जबलपुर।
शहर के खजरी बाईपास क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया, लेकिन पाइपलाइन फटने से घंटों अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। कटनी की ओर जाने वाले नेशनल हाइवे क्रमांक 30 पर करौंदा तिराहे के पास दोपहर करीब 3 बजे अचानक नर्मदा पाइपलाइन फट गई। पानी का दबाव इतना अधिक था कि लगभग 40 फुट ऊँचा फव्वारा बीच सड़क पर फूट पड़ा, जिससे हाइवे के दोनों ओर वाहनों के पहिए थम गए।

​बीच सड़क पर गाड़ियां धोने लगे लोग


पाइपलाइन फटने के बाद नजारा किसी बड़े जल प्रपात जैसा हो गया था। सड़क के बीचों-बीच उठ रही तेज जलधारा के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। इस दौरान कुछ राहगीरों और चार पहिया वाहन चालकों के लिए यह मनोरंजन का साधन बन गया। कई लोग हाइवे पर ही इस तेज जलधारा के नीचे अपने वाहन धोते नजर आए, जिससे जाम की स्थिति और भी गंभीर हो गई।

​घटिया निर्माण कार्य के आरोप, जल संकट गहराया

​स्थानीय निवासियों ने इस घटना के लिए निर्माण कार्य में बरती गई लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पाइपलाइन बिछाते समय गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया, जिसके कारण आज यह बड़ा लीकेज हुआ। इस क्षति की वजह से नर्मदा जल परियोजना से जुड़े शहर के कई क्षेत्रों में जलापूर्ति ठप हो गई है। हजारों लीटर पानी व्यर्थ बहने के कारण अगले 24 घंटों तक संबंधित इलाकों में जल संकट रहने की आशंका है।

​घंटों नदारद रहे जिम्मेदार, राहगीर हुए परेशान

​हैरानी की बात यह रही कि इतनी बड़ी घटना होने और नेशनल हाइवे पर लंबा जाम लगने के बावजूद करीब 3 घंटे तक नगर निगम या संबंधित विभाग का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। स्थानीय पुलिस को यातायात व्यवस्था संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। देर शाम तक पाइपलाइन को दुरुस्त करने का कार्य शुरू नहीं हो सका था, जिससे जनता में भारी आक्रोश देखा गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post