थाना पहुंची महिला शालिनी अहिरवार ने पुलिस अधिकारियों को लिखित आवेदन देते हुए बताया कि उनकी शादी 4 जुलाई 2025 को कनारी गांव के एक मंदिर में सानोदा गांव के देशराज अहिरवार से हुई थी। शादी के बाद जब वह ससुराल पहुंचीं तो पति ने उनसे 5 लाख रुपए नकद और एक कार की मांग की। मायके की आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण वह दहेज नहीं दे सकीं। दहेज न देने पर ससुराल वालों ने शालिनी को छह महीने तक घर में बंधक बनाकर रखा। मौका मिलने पर उन्होंने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसी दौरान शालिनी को पता चला कि उनके पति देशराज की पहले भी एक शादी हो चुकी थी लेकिन उन्होंने यह बात छिपाकर उनसे दूसरी शादी कर ली। पुलिस ने महिला को आश्वासन दिया है कि जांच के बाद मामले में कार्यवाही की जाएगी।
पति बोला, पटवारी हूं कुछ भी कर सकता हूं-
शालिनी ने यह भी बताया कि जब शादी हुई थी तो परिवार के लोगों ने पति को एक लाख रुपए नगद दिया था। लेकिन शादी के कुछ दिन बाद ससुराल वाले उसे परेशान करने लगे। जब उसने पति से दूसरी शादी के बारे में कहा तो पति ने धमकी दी कि वह पटवारी है कुछ भी कर सकता है।